Kotdwar News…डिजिटल दुनिया में महिला सुरक्षा पर कार्यशाला, छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय |कमल उनियाल की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस कमल उनियाल की रिपोर्ट
कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी, कोटद्वार के महिला प्रकोष्ठ की ओर से “डिजिटल दुनिया में महिला सुरक्षा : जागरूकता एवं समाधान” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को महिला अपराधों, साइबर सुरक्षा, डिजिटल धोखाधड़ी और हनी ट्रैप जैसे मामलों के प्रति जागरूक करते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में कलालघाटी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजा राम डोभाल मुख्य वक्ता तथा कोटद्वार पुलिस चौकी के सब इंस्पेक्टर अभिनव शर्मा विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरिश्चंद्र ने की।
मुख्य वक्ता सब इंस्पेक्टर राजा राम डोभाल ने छात्र-छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर, उत्तराखंड पुलिस सहायता एप, गौरा शक्ति एप और एसओएस नंबर सहित विभिन्न पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में इन सुविधाओं का उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट वक्ता सब इंस्पेक्टर अभिनव शर्मा ने छात्राओं को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने वर्तमान समय में सामने आ रहे हनी ट्रैप और ऑनलाइन अपराधों के प्रति सचेत करते हुए अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर संपर्क करते समय सावधानी बरतने तथा निजी जानकारी साझा करने से बचने पर जोर दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरिश्चंद्र ने अध्यक्षीय उद्बोधन में विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने महाविद्यालय की महिला उत्पीड़न निवारण समिति और शिकायत पेटी की जानकारी देते हुए छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित समिति के समक्ष अपनी शिकायत रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन महिला प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. कविता अहलावत ने किया। अंत में डॉ. दीपाली रतूड़ी ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. अशोक कुमार मित्तल, श्री भगवत सिंह, डॉ. दिवाकर बौद्ध, श्री मणिकांत शाह, डॉ. हरिओम शरण बहुगुणा, डॉ. महेशानंद नौडियाल, डॉ. अंजू थपलियाल, श्रीमती दीप्ति मैठाणी, डॉ. ललित सिंह बिष्ट सहित अन्य कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
