मनोविज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रो. अरुण कुमार ‘ फेलो ऑफ द नैप्स–2026’ सम्मान से अलंकृत, बढ़ाया गुरुकुल कांगड़ी विवि का गौरव |Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
हरिद्वार, संवाददाता। धर्मनगरी हरिद्वार स्थित प्रतिष्ठित गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अरुण कुमार ने एक बार फिर अपनी विद्वता, दूरदर्शिता और शोध कौशल से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मनोविज्ञान के क्षेत्र में उनके निरंतर सक्रिय योगदान, असाधारण शैक्षणिक नेतृत्व और उच्च स्तरीय शोध कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रतिष्ठित ‘फेलो ऑफ द नैप्स–2026’ (Fellow of the NAPS–2026) सम्मान से नवाजा गया है।

उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर अरुण कुमार मनोविज्ञान जगत की एक जानी-मानी और सम्मानित शख्सियत हैं, जिन्हें इससे पूर्व भी उनके उल्लेखनीय अकादमिक एवं सामाजिक सरोकारों के लिए कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से अलंकृत किया जा चुका है। उनके कुशल मार्गदर्शन में विभाग लगातार शोध और नवाचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को निरंतर नई दिशा मिल रही है।

बीते दिनों धर्मनगरी हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में नेशनल एसोसिएशन ऑफ साइकोलॉजिकल साइंस (NAPS) के तत्वावधान में 12वीं अंतरराष्ट्रीय एवं 14वीं भारतीय मनोवैज्ञानिक विज्ञान कांग्रेस का भव्य एवं अत्यंत उपयोगी आयोजन किया गया। देश-विदेश के प्रख्यात मनोवैज्ञानिकों और शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच आयोजित इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में प्रोफेसर अरुण कुमार को उनके दीर्घकालिक और प्रभावशाली योगदान के लिए इस सर्वोच्च सम्मान से विभूषित किया गया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रोफेसर अरुण कुमार ने नैप्स (NAPS) के अध्यक्ष, दिल्ली विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के निदेशक प्रोफेसर डॉ. रोशन लाल दहिया का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. दहिया के दूरदर्शी नेतृत्व, कुशल निर्देशन और इस ऐतिहासिक अकादमिक पहल से देशभर के मनोविज्ञान शोधकर्ताओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी। प्रोफेसर अरुण कुमार की इस शानदार उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरव का क्षण बताया है।
एक नजर इधर भी
गौर करने वाली बात यह भी है कि पिछले दिनों गुरूकुल कांगड़ी विवि में आयोजित एक बेहद खास सेमीनार में प्रोफेसर अरूण कुमार की ओर से संपादित खास किताब ‘एजिंग माइंड्सरू नेविगेटिंग मेंटल हेल्थ इन लेटर लाइफ’ की बात भी बहुत दूर तक गयी थी। मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अरूण कुमार और रिसर्च स्कॉलर महिमा पंवार ने इस पुस्तक का संपादन व लेखन किया है
करीब दो साल के कड़े परिश्रम और शोध के बाद गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अरूण कुमार और रिसर्च स्कॉलर महिमा पंवार ने इस पुस्तक का संपादन व लेखन किया है। इस महत्वाकांक्षी पुस्तक में देशभर के लगभग 47 नामी मनोचिकित्सकों और वैज्ञानिकों के अनुसंधानों और अनुभवों को शामिल किया गया है।

पुस्तक की मुख्य विशेषताएँ:
- गहन मानसिक विश्लेषण: वृद्धावस्था से जुड़े भावनात्मक उतार-चढ़ाव और मानसिक चुनौतियों को बारीकी से समझाया गया है।
- समग्र कल्याण (Holistic Well-being): केवल समस्याओं की चर्चा ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती (Resilience) और सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
- डिजिटल और आधुनिक देखभाल: पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ डिजिटल मानसिक स्वास्थ्य सहायता (Digital Mental Health Support) और आधुनिक तकनीकों के उपयोग का भी परीक्षण किया गया है।
- सामूहिक उत्तरदायित्व: स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए परिवार, देखभाल करने वालों (Caregivers), समाज, स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी नीतियों की भूमिका को रेखांकित किया गया है।
