उत्तराखंडसंपादकीय

Haridwar News…साइबर अपराध से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक |Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news


सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

उत्तराखंड पुलिस के सहयोग से एस.एम. पब्लिक स्कूल में आयोजित हुआ साइबर क्राइम अवेयरनेस कार्यक्रम

हरिद्वार। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने के उद्देश्य से एस.एम. पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार में उत्तराखंड पुलिस के सहयोग से साइबर क्राइम अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन खतरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी किस प्रकार मोबाइल फोन, सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लिंक एवं अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसा सकते हैं।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों को विशेष रूप से अनजान एवं संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अनावश्यक मोबाइल एप्लीकेशन एवं गेम डाउनलोड न करने, व्यक्तिगत जानकारी एवं संवेदनशील डेटा साझा न करने तथा ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।

वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग और उससे जुड़े संभावित डिजिटल जोखिमों पर भी विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया गया। उन्हें सलाह दी गई कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो एवं अन्य निजी सामग्री को किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म या AI आधारित टूल पर साझा करने से पहले उसकी आवश्यकता, विश्वसनीयता और सुरक्षा को अवश्य समझें।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता एवं समझदारी से कार्य करने तथा आवश्यक होने पर संबंधित अधिकारियों की सहायता लेने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियोंका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में विद्यार्थियों को केवल तकनीक का उपयोग करना ही नहीं, बल्कि उसका सुरक्षित, जिम्मेदार और विवेकपूर्ण उपयोग करना भी सीखना आवश्यक है।

विद्यालय की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन में सामने आने वाले डिजिटल खतरों को समझने और उनसे बचाव के लिए सही निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ad12

“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और डिजिटल दुनिया में सोच-समझकर कदम बढ़ाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *