Laldhang News…: दूध के कम दाम मिलने से गुर्जर समाज में रोष, दुग्ध संघ के रेट न देने पर व्यापारियों को सीधी चेतावनी |गीता जोशी की Report

लालढांग, हरिद्वार: सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस (गीता जोशी)
क्षेत्र के अंतर्गत लालढांग और जनपद हरिद्वार के वनों में रहने वाले गुर्जर समाज के दुग्ध उत्पादक लोगों की एक अहम खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में दूध के दामों को लेकर व्यापारियों के रवैये पर रोष जताया गया और एकमत होकर दुग्ध संघ के निर्धारित दरों पर ही दूध बेचने का निर्णय लिया गया।

5 साल से नहीं बढ़े दाम, महंगाई से बढ़ी मुश्किलें
बैठक में वक्ताओं ने बताया कि उत्तराखंड दुग्ध संघ द्वारा दुग्ध उत्पादक किसानों के लिए भैंस का दूध ₹80 प्रति लीटर और गाय का दूध ₹75 प्रति लीटर तय किया गया है। इसके बावजूद ऋषिकेश के दूध व्यापारी अब तक भैंस का शुद्ध दूध मात्र ₹55 प्रति लीटर और गाय का शुद्ध दूध ₹48 से ₹50 प्रति लीटर के पुराने रेट पर ही खरीदते आ रहे हैं, जबकि पिछले 5 वर्षों से दूध के खरीद मूल्यों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
किसानों ने दर्द बयां करते हुए कहा कि आज के इस महंगाई के दौर में पशुओं के चारे के दाम आसमान छू रहे हैं:
- खल (50 किलो): ₹1,800 प्रति नग
- चोकर (35 किलो): ₹1,050 प्रति नग
- कूटा (38 किलो): ₹1,150 प्रति नग
- भूसा: ₹1,700 प्रति कुंतल
- चनतंस: ₹600 प्रति क्विंटल
महंगे दामों पर चारा खरीदकर पशुओं का पेट पालना पड़ रहा है, जिससे परिवारों का लालन-पालन करना बेहद कठिन हो गया है।
व्यापारियों को दी चेतावनी, दुग्ध संघ को देंगे दूध
समाज के लोगों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि व्यापारी दुग्ध संघ का नया भाव देने को तैयार नहीं होते हैं, तो उन्हें विवश होकर अपना सारा दूध सीधे दुग्ध संघ को ही सप्लाई करना होगा।

बैठक में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर शमशेर भड़ाना, रोशन दीन, मुमताज अली, मोहम्मद शफी, बाबू खटाना, नूर भड़ाना, सफी पोसवाल, मुमताज लोधा, शमशाद लोधा, गुलाम कालस, गुलाम भड़ाना, आदिल गुर्जर, अजहर भड़ाना, नोमान बनिया, गुलाम मुस्तफा अक्का, नवाबुद्दीन, अली जान, इम्तियाज सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण व दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।
