उत्तराखंडसंपादकीय

Haridwar News…..स्वामी विवेकानंद एकेडमी में निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाकर 135 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, औषधियां वितरित |Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
हरिद्वार/श्यामपुर कांगड़ी, 19 सितंबर। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में ऋषिकुल परिसर, उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, हरिद्वार द्वारा सप्ताहव्यापी जनजागरूकता एवं चिकित्सा अभियान का शुभारंभ कांगड़ी गांव स्थित स्वामी विवेकानंद एकेडमी जूनियर हाई स्कूल में निःशुल्क चिकित्सा शिविर के आयोजन के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गोविंद कृपा सेवा समिति धर्मार्थ ट्रस्ट के संयोजन में किया गया।

चिकित्सा शिविर का शुभारंभ गोविंद कृपा सेवा समिति धर्मार्थ ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं समाजसेवी अनीता वर्मा, डॉ. शोभित कुमार, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. प्रियंका शर्मा, डॉ. अंजलि वर्मा एवं प्रो. (डॉ.) रमेश चन्द्र तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रबंधक सुदीप बनर्जी एवं वाइस प्रिंसिपल कविता बनर्जी के मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर चिकित्सकों एवं अतिथियों का स्वागत किया।

शिविर के सह-संयोजक एवं स्वस्थवृत्त एवं योग विभागाध्यक्ष डॉ. शोभित कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का मुख्य आयोजन 23 सितंबर को प्रस्तावित है। इसके उपलक्ष्य में सप्ताहभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के साथ आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता के लिए रैली, प्रदर्शनी तथा अन्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में प्रो. (डॉ.) रमेश चन्द्र तिवारी, विभागाध्यक्ष अगद तंत्र विभाग, डॉ. शोभित कुमार वार्ष्णेय, विभागाध्यक्ष स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग, डॉ. प्रियंका शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर, तथा डॉ. अंजलि वर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की चिकित्सकीय टीम ने ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया।

डॉ. अरुण कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर, शालाक्य तंत्र विभाग द्वारा शिविर में आए रोगियों का नेत्र परीक्षण किया गया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

डॉ. प्रियंका शर्मा एवं डॉ. अंजलि वर्मा ने बच्चों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी। बच्चों को विभिन्न योग एवं प्राणायाम क्रियाओं का अभ्यास भी कराया गया।

संतुलित आहार, योग और नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह
इस अवसर पर डॉ. शोभित कुमार वार्ष्णेय एवं डॉ. प्रियंका शर्मा ने बच्चों एवं ग्रामीणों को रोगों से बचाव के लिए संयमित एवं नियमित दिनचर्या, विभिन्न रोगों में पथ्य-अपथ्य, ऋतु के अनुसार संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा योग-प्राणायाम अपनाने की सलाह दी।

चिकित्सकों ने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, पर्याप्त शारीरिक गतिविधि एवं नियमित योग-प्राणायाम व्यक्ति की समग्र स्वास्थ्य क्षमता को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वयं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।

135 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
निःशुल्क चिकित्सा शिविर में बच्चों एवं ग्रामीणों सहित कुल 135 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी लाभार्थियों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं। शिविर में ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की जांच भी निःशुल्क की गई।

शिविर के सफल आयोजन में ऋषिकुल परिसर के पीजी स्कॉलर्स डॉ. मंजू, डॉ. मेघा भंडारी, डॉ. अनुभूति धानिया, डॉ. ज्योति नेगी, डॉ. प्रगति नेगी, डॉ. निधि भारती, डॉ. दीपिका आर्य एवं डॉ. हिमानी जोशी ने वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ सहयोग प्रदान किया।

स्वामी विवेकानंद एकेडमी की शिक्षिकाओं स्वाति, गीता, मीनू, रचना एवं कीर्ति गुप्ता सहित विद्यालय परिवार ने चिकित्सा शिविर के आयोजन में सहयोग किया।

ad12

कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रचार मंत्री एवं मीडिया प्रभारी डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित ऐसे जनोपयोगी कार्यक्रम आयुर्वेद की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जीवनशैली को आमजन तक पहुंचाने तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *