Dehradun News…: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सपरिवार की डिजिटल स्व-गणना, प्रदेशवासियों से की सक्रिय भागीदारी की अपील |

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता निभाई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों से भी इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
विकास योजनाओं की नींव बनेंगे सटीक आंकड़े मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनगणना से प्राप्त होने वाले आंकड़े प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड जैसी विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी होना आवश्यक है। इन आंकड़ों से विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर सदुपयोग करने में बड़ी मदद मिलेगी।

डिजिटल तकनीक से सुनिश्चित होगी सीधी भागीदारी जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक के उपयोग को एक सराहनीय पहल बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे न केवल इस प्रक्रिया में आमजन की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी, बल्कि सूचनाओं के संकलन में भी पारदर्शिता और आसानी आएगी।

प्रगणकों को सहयोग देने का आह्वान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनगणना में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी बेहद अहम है। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से निर्धारित समयावधि के भीतर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करने और घर-घर आने वाले प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार की सक्रिय सहभागिता से ही जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सकेगी।