Uttarakhand News… SIR की अनकलेक्टेड श्रेणी में 8.39 लाख वोटर|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
देहरादून, 03 जुलाई। उत्तराखंड में एसआईआर को लेकर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय में राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। उन्होंने दलों से अनकलेक्टेड श्रेणी के मतदाताओं के सत्यापन में सहयोग की अपील की।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर प्रक्रिया जारी है। 7 जुलाई तक प्रदेश में गणना पत्रों के वितरण और डिजिटाइज का कार्य पूर्ण होना है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं के सापेक्ष 70 लाख 98 हजार 501 मतदाताओं के फार्म डिजिटाइज कर दिए गए हैं। प्रदेश में 8 लाख 39 हजार 486 मतदाता ”अनकलेक्टेड श्रेणी” में शामिल हैं। जिसके अंतर्गत 1 लाख 23 हजार 836 मृत, 4 लाख 77 हजार 148 स्थायी रुप से शिफ्ट, 61,764 पहले से पंजीकृत, 1 लाख 68 हजार 259 अनुपस्थित और 8,479 मतदाता अन्य कारणों से ”अनकलेक्टेड श्रेणी” में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा। साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। 14 जुलाई से 11 सितंबर तक नोटिस की अवधि व दावे आपत्तियों का निस्तारण होगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से शत प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट्स नियुक्त करने की अपील की। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, भाजपा से राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस से अमरेंद्र बिष्ट, आप से श्याम बाबू पांडेय, बीएसपी से सत्यपाल, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश मौजूद रहे।
