Uttarakhand: 4 से प्रदेश में ‘ सेवा पखवाड़ा ’, जनसमस्याएं होंगी हल|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
देहरादून, 02 जुलाई। राज्य सरकार ने ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के तहत 4 से 18 जुलाई तक प्रदेश में ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दूसरे चरण के तहत संचालित किया जाएगा।

सेवा पखवाड़े के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को सेवा पखवाड़े के कार्यक्रम समयबद्ध, प्रभावी और जनसहभागिता के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि जहां पहले चरण में शिविर लगाए गए, वहां दोबारा शिविर आयोजित न किए जाएं।
