उत्तराखंडसंपादकीय

Laldhang News…: माँ काली मंदिर परिसर में आ धमका हाथियों का झुंड, बाल-बाल बचे पुजारी बाबा और माई |गीता जोशी की Report

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

बुधवार की रात लालढांग के माँ काली मंदिर परिसर में हाथियों के एक झुंड ने अचानक धावा बोल दिया। इस दौरान मंदिर परिसर में रह रहे भवानी बाबा और भगवती माई बाल-बाल बच गए। हाथियों की इस अचानक हुई दस्तक से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात लगभग 9:30 बजे हाथियों का एक झुंड सीधे मंदिर परिसर में आ धमका और तोड़फोड़ शुरू कर दी। हाथियों का यह झुंड उसी कुटिया की ओर मंडराने लगा जहाँ भवानी बाबा और भगवती माई बैठे हुए थे। हाथियों की आहट मिलते ही सतर्क हुए बाबा ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कुटिया का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

बताया जा रहा है कि हाथियों के इस झुंड में दो बच्चों समेत कुल 7 हाथी शामिल थे। हाथियों ने कुटिया के पास बने भंडार कक्ष का दरवाजा और खिड़कियाँ तोड़ डालीं तथा अंदर रखा सारा सामान भी उलट-पलट कर दिया। तोड़फोड़ के दौरान हाथियों ने बिजली के तार भी खींच दिए, जिससे मंदिर की बिजली कट गई और चारों तरफ अंधेरा छा गया।

भक्तों और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई: कुटिया के अंदर फंसे घबराए बाबा ने तुरंत अपने भक्तों—विमल डबराल और सुनील सैनी—को फोन कर मंदिर परिसर में हाथियों के मौजूद होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दोनों भक्त तुरंत मंदिर पहुंचे और शोर मचाने के साथ ही पटाखे छोड़कर हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया।

ad12

इसी बीच, कटेबढ़ वन चौकी के सेक्शन अधिकारी गौतम राठौड़ भी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुँच गए। अधिकारी गौतम राठौड़ ने बताया कि वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर पटाखे फोड़कर हाथियों के झुंड को जंगल की तरफ खदेड़ा। स्थिति पर काबू पाने के बाद हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए क्षेत्र में वन कर्मियों द्वारा गश्त भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *