Haridwar….जागृति विमेन्स कॉन्फ्रेंस हरिद्वार सोसायटी की पहल पर निकली साइलेंट वॉकथॉन, 210 प्रतिभागियों ने महिला हिंसा के खिलाफ उठाई आवाज़ |Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
हरिद्वार, महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन, महिला सुरक्षा, सम्मान और समानता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को जागृति विमेन्स कॉन्फ्रेंस हरिद्वार सोसायटी (AIWC हरिद्वार शाखा) द्वारा पैन इंडिया साइलेंट वॉकथॉन का सफल आयोजन किया गया। ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस (AIWC), नई दिल्ली के शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत आयोजित इस विशेष वॉकथॉन में केयर कॉलेज, डिवाइन कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज के विद्यार्थियों, संस्था के सदस्यों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों सहित कुल 210 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

AIWC हरिद्वार शाखा की ओर से आयोजित पैन इंडिया वॉकथॉन में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का दिया संदेश; मुख्य अतिथि एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने महिलाओं को मानसिक, वैचारिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनने का किया आह्वान।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः ठीक 8 बजे श्री भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, शंकर आश्रम चौक, हरिद्वार में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसपी जीआरपी श्रीमती अरुणा भारती रहीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती अरुणा भारती ने अपने संबोधन में कहा कि लड़कियों और महिलाओं को सबसे पहले स्वयं को मानसिक, वैचारिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाना होगा। हमें घर से बाहर निकलते समय यह संकल्प लेना चाहिए कि न तो हम किसी को प्रताड़ित करेंगे और न ही स्वयं किसी के अत्याचार को सहन करेंगे। उन्होंने महिलाओं और लड़कियों को पुलिस हेल्पलाइन एवं वूमेन सेफ्टी ऐप की जानकारी रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि सीरियल और मोबाइल फोन पर अनावश्यक समय व्यर्थ करने के बजाय अपनी सुरक्षा, जागरूकता और आत्मविकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पहले हम स्वयं सुधरेंगे, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

कार्यक्रम में संस्था की पैट्रन श्रीमती मंजुला भगत ने ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस की समृद्ध विरासत और उसकी गौरवशाली परंपरा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में संस्था की भूमिका को रेखांकित किया।

इस अवसर पर हाई कोर्ट के अधिवक्ता श्री ललित मिगलानी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आज समाज की तस्वीर बदल रही है। जहां महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा और उत्पीड़न गंभीर विषय हैं, वहीं आज पुरुष भी प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं। इसलिए समाज को इस पहलू पर भी संवेदनशीलता और संतुलित दृष्टिकोण के साथ विचार करना चाहिए।


कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशिमा श्रवण ने किया, जबकि संस्था की सचिव डॉ. करुणा शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, संस्थानों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसके पश्चात मुख्य अतिथि एसपी जीआरपी श्रीमती अरुणा भारती, डॉ. प्रीत शिखा वर्मा, अधिवक्ता श्री ललित मिगलानी, पैट्रन श्रीमती मंजुला भगत, श्रीमती अलका शर्मा, श्रीमती नीरू जैन, सचिव डॉ. करुणा शर्मा एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती मोनिका गर्ग ने संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर साइलेंट वॉकथॉन का शुभारंभ किया।
वॉकथॉन श्री भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय से प्रारंभ होकर आर्य नगर चौक तक पहुंची। वहां से प्रतिभागी वापस उसी मार्ग से महाविद्यालय पहुंचे, जहां इसका समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने शांति एवं अनुशासन के साथ महिला सुरक्षा, सम्मान और हिंसा मुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम में केयर कॉलेज के यूथ विंग कोऑर्डिनेटर डॉ. कपिल राणा तथा डिवाइन कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज की यूथ विंग कोऑर्डिनेटर डॉ. भावना अपने यूथ विंग के सदस्यों एवं अन्य विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। दोनों शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावशाली बनाया।
इस अवसर पर डॉ. मुकेश गुप्ता, डॉ. दीपा अग्रवाल, डॉ. रजनी सिंघल, डेंटिस्ट डॉ. कल्पना चौधरी, नित्या चौधरी, डॉ. पल्लवी राणा, डॉ. कामना जोशी, मनोज कुमार, संध्या, ज्योति, यशवी, श्रेया, निधि हंडा, निधि शर्मा, शिखा ध्यानी, अन्नपूर्णा बंदूनी, ज्योत्सना मेहरोत्रा, सरिता कलानी, नीलम नसवा, टीना घई, हिमानी, मिलन सैनी, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए सामूहिक संकल्प
इस साइलेंट वॉकथॉन का मुख्य उद्देश्य केवल एक जागरूकता रैली निकालना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक यह संदेश पहुंचाना था कि महिलाओं के प्रति हिंसा और भेदभाव को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सुरक्षा, आत्मसम्मान, समानता और जागरूकता का संदेश दिया गया।

210 प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता के साथ संपन्न यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षण संस्थानों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया ।
