सांस्कृतिक विरासत सहेज रही आदर्श रामलीला कमेटी: वरिष्ठ सहयोगियों का सम्मान|अनिल शर्मा की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
लालढांग, हरिद्वार (उत्तराखंड)। श्री श्री ग्राम देवता आदर्श रामलीला कमेटी, मौहल्लापुरी (लालढांग) की भव्य रामलीला के गौरवशाली 14वें वर्ष के ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस गरिमामयी अवसर के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। आठवें दिन का दिव्य व भव्य मंचन किया गया। मंचन की अद्भुत कला का बेजोड़ हुनर स्थानीय कलाकारों में दिख रहा है।

मुख्य अतिथि श्रीमती शकुंतला देवी ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती शकुंतला देवी (पूर्व प्रधान, ग्राम पंचायत लालढांग, मौहल्लापुरी निवासी) के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर संपन्न किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती शकुंतला देवी ने कहा कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का यह सराहनीय प्रयास पूरे समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत है।
वरिष्ठ सहयोगियों और अतिथियों का सम्मान
इस विशेष अवसर पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें रामलीला के संचालन में विशेष सहयोग देने वाले वरिष्ठ एवं बुजुर्ग सहयोगियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही, मंच संचालक एवं प्रवक्ता श्री पुनीत कुमार को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जिसके लिए उन्होंने आदर्श रामलीला कमेटी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
कमेटी की ओर से बधाई और शुभकामनाएं
मंच संचालक एवं प्रवक्ता श्री पुनीत कुमार ने आदर्श रामलीला कमेटी के सभी पदाधिकारियों, कलाकारों और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोगियों को इस गौरवशाली उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि प्रभु श्रीराम की असीम कृपा से हमारी यह सांस्कृतिक परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक निरंतर जीवंत बनी रहे।
जारीकर्ता:
पुनीत कुमार
मंच संचालक / प्रवक्ता

श्री श्री ग्राम देवता आदर्श रामलीला कमेटी, मौहल्लापुरी, लालढांग, हरिद्वार (उत्तराखंड)