कुंभ से पहले पूरे होंगे निकाय क्षेत्र में विकास कार्य |Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
ऋषिकेश,नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र को स्मार्ट बनाने की कवायद परवान चढ़ रही है। कुंभ मेले से पहले कई योजनाओं और विकास कार्यों को संपादित किया जाएगा।

बुधवार को पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों से विकास कार्यों के लिए आपसी समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पालिका क्षेत्र में इसी महीने 33 केवी की भूमिगत लाइन बिछाने का काम शुरू होगा। इसके बाद विद्युत पोल हटाएं जाएंगे। पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों से खुदाई के साथ-साथ भरान करने को भी कहा।
वहीं, पालिकाध्यक्ष ने सीवर मेनहोलों के सड़क से नीचे होने पर नाराजगी जताई। कहा, इससे दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने सबंधित अधिकारियों से क्षतिग्रस्त मेनहोलों को दुरस्त करने और सड़क से नीचे बने मेनहोलों को सही करने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नगर क्षेत्र में जल निकासी के अधिकांश कार्य किए जा चुके हैं। गंगा रिजार्ट से पशुपालन विभाग तक व सुमन पार्क ढालवाला के समीप जल निकासी के कार्य कुंभ से पूर्व संपादित किए जाएंगे।
सीवर कनेक्टिविटी से जुड़ेगा हर घर
यूयूएसडीए के अधिकारियों ने बताया कि 142 करोड़ रूपए की लागत से पालिका क्षेत्र में सीवर का नेटवर्क बिछाया जाएगा। इसके तहत 06 जोनो से प्रत्येक घर को सीवर की कनेक्टिविटी से जोड़ा जाना है।
स्काई लिफ्ट से पर्यटक पहुंचेंगे रामझूला
यूयूएसडीए के अधिकारियों ने पार्किंग से रामझूला पुल पहुंचने के लिए स्काई लिफ्ट की योजना से अवगत कराया। बताया कि इसके तहत कुट्टी माता पार्किंग रिमॉडलिंग होगी। पार्किंग में आवागमन करने, एंट्री, एक्सिट के लिए बेहतर सुविधा होगी, पार्किंग में कई प्रकार की पब्लिक फेसलिटी रहेगी। साथ ही पार्किंग से रामझूला पहुंचने के लिए स्काई लिफ्ट की सुविधा होगी इसके बाद पैदल मार्ग की सहायता से पुल पर पहुंच सकेंगे।
ढालवाला में बनेगा इको पार्क
अधिकारियों ने बताया कि सुमन पार्क ढालवाला को इको पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। पार्क में पार्किंग, खाने, जॉगिंग ट्रैक, योगा पार्क, ओपन जिम जैसी सुविधाएं मिलेंगी। अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने इको पार्क में जुरासिक पार्क की तरह क्रिएटिविटी करने का सुझाव दिया।
अपग्रेड होगा ढालवाला ब्रिज
कई वर्षों से ढालवाला बाईपास में चंद्रभागा नदी पर बने मोटर पुल को ध्वस्त कर नया मोटर पुल बनाने का कार्य किया जाएगा। यूयूएसडीए के अधिकारियों ने बताया कि कई बार चंद्रभागा नदी में बाढ़ आने के कारण पानी का फ्लो पुल के उपर से होता है, जिस कारण यह मोटर पुल कई जगह पर क्षतिग्रस्त हो गया है। बताया कि इस पुल के समीप नया एलिवेटेड पुल बनाया जाएगा, जिसके बाद पुराने पुल को ध्वस्त किया जाएगा।

बैठक में यह रहे मौजूद
एई सिंचाई विभाग दर्मियान सिंह असवाल, जेई एनएच श्रीनगर संदीप, एसडीओ मुनिकीरेती एमएस नेगी, जेई यूपीसीएल देवेश अवस्थी, पंकज काला, जेई जल संस्थान प्रमोद हटवाल, उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (UUSDA) के अधिकारी आदि मौजूद रहे।
