हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर को मिली रफ्तार|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
हरिद्वार, जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 235 करोड़ रुपये की चार प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को अलकनंदा होटल में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्जागरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अलावा केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा, गोल्ज्यू और विवेकानंद कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि महाकुंभ-2027 को इतिहास का सबसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए व्यापक तैयारियां चल रही हैं। इसके तहत नए घाटों और पुलों का निर्माण, प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण, यातायात व्यवस्था का आधुनिकीकरण और बहादराबाद-सिडकुल से शिवालिक नगर तक सड़क चौड़ीकरण समेत कई परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी और हर की पैड़ी से चंडी देवी व मनसा देवी तक रोपवे परियोजना पर भी कार्य जारी है। कहा कि सरकार विकास के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक अस्मिता के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। पारदर्शी भर्ती, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने जैसे कदम इसी दिशा में उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के प्रशासनिक मार्ग का नाम परिवर्तन संबंधी सुझाव पर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश भी दिए। मौके पर मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा और प्रदीप बत्रा ने भी विचार रखे।
वहीं, यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि महाकुंभ से पूर्व सभी परियोजनाओं को पूर्ण करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
इन योजनाओं का हुआ शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की लागत से प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। साथ ही 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी व सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास और 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति
उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) द्वारा संचालित परियोजनाओं से आगामी महाकुंभ 2027 की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ वर्षभर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और सुगम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसका लाभ स्थानीय नागरिकों को भी मिलेगा। पर्यटन, व्यापार, परिवहन, होटल व्यवसाय, हस्तशिल्प व अन्य सेवा क्षेत्रों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

समारोह में यह रहे मौजूद
दायित्वधारी विश्वास डाबर, ओम प्रकाश जमदग्नि, विनय रोहिल्ला, सुनील सैनी, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, श्यामवीर सैनी, देशराज कर्णवाल, दिनेश कौशिक, नितिन गौतम, अजीत चौधरी, शोभाराम प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जैसल, मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, सचिव विनय शंकर पांडेय, मेलाधिकारी सोनिका, डीएम मयूर दीक्षित, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, पालिकाध्यक्ष शिवालिक नगर राजीव शर्मा, संजय गुप्ता, आशुतोष शर्मा, डॉ. मधु, विकास तिवारी, नगर आयुक्त नंदन कुमार आदि।
