Laldhang News..चलती कार में लगी भीषण आग, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा|गीता जोशी की Report

सिटी लाइव टुडे, लालढांग
ज दिनांक 05 जुलाई 2026 को लगभग सायं 04:00 बजे नजीबाबाद–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रसियाबड़ के समीप एक चलती हुई टाटा जेस्ट कार (वाहन संख्या UK07 TB 4479) में अचानक आग लग गई। वाहन लक्सर से टाटवाला, श्यामपुर की ओर जा रहा था। चलते समय अचानक वाहन के बोनट से धुआँ निकलने पर चालक ने सूझबूझ एवं सतर्कता का परिचय देते हुए तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकल गया । वाहन में चालक अकेला था, कुछ ही क्षणों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली श्यामपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए हाईवे पर यातायात को नियंत्रित कर सुरक्षा घेरा बनाया, जिससे अन्य वाहन एवं राहगीर सुरक्षित रहे तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस द्वारा तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण वाहन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन आग से क्षतिग्रस्त हो गया।
हरिद्वार पुलिस की त्वरित एवं सतर्क कार्रवाई, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा फायर ब्रिगेड के साथ उत्कृष्ट समन्वय के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जनहित में अपील :
हरिद्वार पुलिस सभी वाहन स्वामियों से अपील करती है कि—
यात्रा पर निकलने से पूर्व वाहन की सर्विसिंग एवं तकनीकी जांच अवश्य कराएं।
वाहन के इलेक्ट्रिकल सिस्टम, वायरिंग एवं फ्यूल पाइपलाइन की नियमित जांच कराते रहें।
वाहन में अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) रखने का प्रयास करें।

किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल डायल-112 अथवा फायर ब्रिगेड को सूचना दें