सीएम ने खटीमा स्थित कैंप ऑफिस में की शारदा कॉरिडोर परियोजना की समीक्षा|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय में “शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना” की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय आस्था के अनुरूप पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित 38 प्रमुख कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शिता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण एवं हस्तांतरण की प्रक्रिया को शीघ्र और प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया, साथ ही निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में निष्पादित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने बताया कि भविष्य में लोहाघाट स्थित विवेकानंद सर्किट के विकास और माँ वाराही धाम को स्पिरिचुअल ज़ोन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही क्षेत्र को डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने तथा सेना, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के वीर शहीदों के सम्मान में “शौर्य स्थल” विकसित करने की योजना पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना” का उद्देश्य टनकपुर की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को सहेजते हुए पर्यटन, पर्यावरण और श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय रोजगार संवर्धन और जनजीवन स्तर सुधार का माध्यम बनेगी।

बैठक में जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर श्री नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी चम्पावत श्री कृष्णा नाथ गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
