Uttarakhand: CM और आला अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर किया मंथन|Click कर जानिये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

Dehradun News : देहरादून। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की वर्चुअल बैठक में प्रतिभाग करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की परिस्थितियों को देखते हुए चारधाम यात्रा, उत्तराखंड में स्थित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, बांधों और ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शासन, प्रशासन और पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे राज्य के सभी क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता इंतजाम किए जाएं, सीमांत क्षेत्रों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जाए। चारधाम यात्रा में लाखों तीर्थयात्री प्रतिभाग कर रहे हैं, इसलिए यात्रा मार्ग सहित चारों धामों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। कहा कि उत्तराखण्ड में कई राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठान हैं, इन संस्थानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपात स्थिति के लिए जिला और तहसील स्तर पर खाद्यान्न सहित आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाई जाए। अस्पतालों को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए अलर्ट रखा जाए। सभी आवश्यक दवाओं का पूर्ण प्रबंध किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा दल और स्वयंसेवी संस्थाओं को बचाव और राहत कार्य के लिए प्रशिक्षण दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को भी सही सूचनाओं के साथ सतर्क किया जाए, साथ ही इस बात का ध्यान रखा जाए कि जन सामान्य के पास हर तरह से सही और प्रमाणित सूचनाएं ही पहुंचे, ताकि वो अफवाह से दूर रह सकें। कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया के माध्यम से इस पर लगातार निगरानी रखी जाए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़ते हुए, कार्मिकों के अवकाश मंजूर न किए जाएं। उन्होंने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। कहा कि शासन-प्रशासन हर तरह से मदद के लिए तैयार है। उन्होंने चारधाम यात्रा के लिए अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आभार जताया।

ad12

इस बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव शैलेश बगौली, वी.के सुमन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *