Doon News…15 दिनों में निपटाएं चारधाम परियोजना के लंबित कार्य |Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
देहरादून, । मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में चारधाम परियोजना सहित प्रदेश की विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क और रेल परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

मुख्य सचिव ने देहरादून-ऋषिकेश बाईपास परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण व मुआवजा वितरण की प्रक्रिया एक माह में पूरी करने के निर्देश दिए। बताया कि करीब 825 किलोमीटर लंबे चारधाम यात्रा मार्ग पर विभिन्न पैकेजों के तहत निर्माण कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कार्यों की गति और गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी करने पर जोर दिया।
चारधाम परियोजना के भूमि अधिग्रहण से जुड़े लंबित मामलों को 15 दिनों में निस्तारित करने और भू-स्वामियों को मुआवजा राशि जल्द देने को कहा। पीडब्ल्यूडी, बीआरओ और जिला प्रशासन की टीम को मौके पर समस्याओं का समाधान कर निर्माण कार्य शुरू कराने को भी कहा।
रुद्रप्रयाग जिले के चारधाम मार्ग के शहरी क्षेत्रों में करीब चार किलोमीटर भूभाग से संबंधित अधिग्रहण व मुआवजा प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश भी दिए। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की समीक्षा में नरकोटा क्षेत्र के डायवर्जन कार्यों को प्राथमिकता देने और नरकोटा ब्रिज के फैब्रिकेशन की जांच व गुणवत्ता परीक्षण के लिए स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। शेष सिविल कार्य भी जल्द पूरे करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों व कार्यदायी संस्थाओं को साप्ताहिक कार्ययोजना बनाने और प्रत्येक सप्ताह लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

बैठक में सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव विनीत कुमार, सीपीएम आरवीएनएल हिमांशु बडोनी, आरओ सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के पंकज सिंह और बीआरओ के अधिकारी आदि मौजूद रहे।
