उत्तराखंडसंपादकीय

Pauri… ” राष्ट्रीय प्रेस दिवस ” सनसनी से बचें, तथ्यों पर आधारित हो जिम्मेदार पत्रकारिता |जगमोहन डांगी की Report

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में ‘सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान पत्रकारों ने वर्तमान दौर में पत्रकारिता की चुनौतियों, खबरों की प्रस्तुति और पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता में तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर ‘ सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी आयोजित, पत्रकारों ने निष्पक्ष और विश्वसनीय समाचारों के प्रसारण पर दिया जोर

वरिष्ठ पत्रकार अनिल बहुगुणा ने प्रेस की स्वतंत्रता और वर्तमान पत्रकारिता के स्वरूप पर अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा कि आज खबरों को सनसनीखेज बनाने के लिए कई बार भ्रामक और अलग तरह की हेडिंग लगाई जा रही हैं। खबर की वास्तविकता और गंभीरता के अनुरूप ही शीर्षक होना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन उनियाल ने कहा कि पत्रकारिता में निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। पत्रकारों को किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करनी चाहिए और अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए समाचारों का प्रकाशन करना चाहिए। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार कुलदीप बिष्ट ने कहा कि पत्रकारिता के साथ-साथ पत्रकारों का आमजन के बीच खड़ा होना और उनकी समस्याओं को समझना भी जरूरी है। पत्रकारिता को केवल समाचारों तक सीमित न रखकर सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ना चाहिए।

जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पत्रकारिता के मूल्यों, स्वतंत्रता और जिम्मेदारियों पर विचार करने का महत्वपूर्ण अवसर है। वर्तमान समय में सूचनाओं का प्रसार तेजी से हो रहा है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी तथ्यात्मक पुष्टि अवश्य करें। खबरों को सनसनीखेज बनाने के बजाय उनकी वास्तविकता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता से ही मीडिया के प्रति आमजन का विश्वास कायम रह सकता है। पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने के साथ ही विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता दें।

ad12

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अजय रावत, डॉ बीपी बलोदी, मनोहर बिष्ट, जगमोहन डांगी, जसपाल नेगी, मुकेश आर्या, सिद्धांत उनियाल, प्रदीप नेगी, गणेश नेगी, मुकेश बछेती, पंकज रावत, दीपक बड़थ्वाल, करन नेगी, महेंद्र नेगी, अंकित उनियाल, गब्बर भंडारी, भगवान सिंह, विजय बहुगुणा, दीपक नौडियाल, जगत किशोर बड़थ्वाल, विजेंद्र नेगी, प्रदीप बंसल,रूपेण कंडारी सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *