उत्तराखंडसंपादकीय

कालाढूंगीः CM ने 22 महिलाओं को किया सम्मानित |Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

कालाढूंगी (नैनीताल), । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। कहा कि मातृशक्ति का साहस, संघर्ष और परिश्रम पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। नारी का वास्तविक सम्मान तभी संभव है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और वह आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को साकार कर सके।

उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं के संघर्ष और योगदान की सराहना करते हुए अपने बचपन के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि उनकी माता का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष उनके लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। पहाड़ की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला, जनधन, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। प्रदेश में महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं और साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं। इसके उत्पादों की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। सीएम ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए छह घोषणाएं भी कीं। इनमें कालाढूंगी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोलों की स्थापना, ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण, कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण, गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण तथा कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण शामिल है। इसके अलावा पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण करने की घोषणा की।

ad12

मौके पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *