उत्तराखंडसंपादकीय

Uttarakhand में बदलेगा मौसम, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार; बढ़ेगी ठंड

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

उत्तराखंड में मौसम के बदलते रुख के बीच आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। इससे पहाड़ों के तापमान में गिरावट आएगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम ठंड का अहसास बढ़ सकता है।

3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान, 14 नवंबर तक मौसम में उतार-चढ़ाव के संकेत

जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न का असर प्रदेश के तापमान पर साफ दिखाई दे रहा है। अक्तूबर के अंतिम दिनों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद नवंबर के पहले सप्ताह में कुछ दिनों तक ठंड का असर देखने को मिला, लेकिन पिछले कुछ दिनों से मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया है।

पांच पर्वतीय जिलों में बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 10 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मौसम में इस बदलाव से पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

14 नवंबर तक बना रहेगा मौसम का बदला मिजाज

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 14 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों में होने वाले मौसम परिवर्तन का मैदानी इलाकों के तापमान पर फिलहाल अधिक प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय धूप के चलते तापमान सामान्य बना रह सकता है, जबकि सुबह और शाम ठंड महसूस होगी।

देहरादून में सामान्य से अधिक रहा तापमान

ad12

सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान का लगभग यही रुख देखने को मिला। दिनभर चटक धूप खिलने के कारण लोगों को दिन के समय ठंड का अधिक अहसास नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *