Doon News…समृद्ध उत्तराखंड के लिए काम कर रही राज्य सरकारः धामी|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
देहरादून, उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों समेत समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इन वर्षों में प्रदेश ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश के दूरस्थ व पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंचाने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें अपने गौरवशाली संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ ही विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना हमारा लक्ष्य है।

मौके पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल आदि मौजूद
