Uttarakhand..26वें स्थापना दिवस पर CM ने की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं, कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि से लेकर डिजिटल लाइब्रेरी तक सौगात|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
भराड़ीसैंण/देहरादून। उत्तराखंड अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गैरसैंण के भराड़ीसैंण से लेकर देहरादून तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।

चमोली जनपद के भराड़ीसैंण में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को राज्य की 26वीं वर्षगांठ की बधाई दी। उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आंगनबाड़ी, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में होगी वृद्धि
मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस समारोह के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी। अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी जल्द बढ़ोतरी की जाएगी। वहीं, राज्य आंदोलनकारियों की मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति का गठन किया जाएगा। समिति आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र प्रदान करने जैसे विषयों पर संस्तुति देगी।
तीन लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। लखपति दीदियों को व्यवसाय विस्तार और नए स्वरोजगार के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही वन्यजीवों के हमलों में घायल लोगों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रत्येक जिले में बनेंगी आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी
प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक जिले में जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी एवं वाचनालय स्थापित किए जाएंगे। अन्य माध्यमों से बिजली प्राप्त कर रहे राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने की भी घोषणा की गई। निवेश के इच्छुक प्रवासियों के लिए प्रदेश में भूमि खरीद की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।
छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं को राहत
मुख्यमंत्री ने छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाले सरचार्ज को माफ करने की घोषणा की। बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अपुणि सरकार पोर्टल को और अधिक सरल बनाया जाएगा।
उत्तराखंड के डीएनए में हार नहीं : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के डीएनए में हार नहीं है। प्रदेश ने बीते वर्षों में अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की एक दशक की विकास यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा है और उनके नेतृत्व में प्रदेश में राष्ट्रीय परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
रेल कनेक्टिविटी के विस्तार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि रेल लाइन निर्माण का 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी और रोपवे सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध प्रदेश बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। स्थापना दिवस पर घोषित योजनाएं और निर्णय प्रदेश के विकास, जनकल्याण तथा रोजगार के अवसरों को नई दिशा प्रदान करेंगे।
