Aiims में नर्सिंग स्टूडेंट्स को दिलाई गई शपथ, सेवा और अनुशासन का पाठ पढ़ाया |Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
ऋषिकेश (सिटी लाइव टुडे):
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में वर्ष 2026 के बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग प्रथम वर्ष के नए बैच के लिए ‘लैम्प लाइटिंग सेरेमनी’ (दीप प्रज्जवलन और शपथ ग्रहण समारोह) का भव्य आयोजन किया गया। संस्थान के मुख्य सभागार में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में नए छात्र-छात्राओं ने नर्सिंग पेशे के उच्च आदर्शों और सेवाभाव की शपथ ली।

नर्सिंग क्षेत्र चुनौतियों भरा, मानसिक व शारीरिक मजबूती जरूरी: मेजर जनरल रेचल थोमस

समारोह की मुख्य अतिथि, मिलिट्री नर्सिंग सर्विस की एडिशनल डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल रेचल थोमस ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग का क्षेत्र एक चुनौतियों भरा पेशा है, जिसमें मानसिक और शारीरिक दोनों ही प्रकार के स्वास्थ्य को मजबूत रखना होता है। उन्होंने कहा कि इस पेशे में संयम, देखभाल, भावना और लगाव के साथ की जाने वाली सेवा शामिल है। उन्होंने साइंटिफिक ज्ञान, क्लिनिकल अनुभव और दयायुक्त सेवाभाव पर जोर देते हुए कहा कि लैम्प लाइटिंग सेरेमनी सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि प्रोफेशनल ज्ञान, मूल्यों और नर्सिंग की भावना को आगे बढ़ाने का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, जवाबदेही और नैतिक व्यवहार बनाए रखते हुए रिसर्च, एजुकेशन लीडरशिप और पॉलिसी निर्माण के अवसरों को तलाशने के लिए प्रेरित किया।
नॉलेज, स्किल्स और एटीट्यूड का समावेश जरूरी: प्रो. सौरभ वार्ष्णेय
विशिष्ट अतिथि डीन एकेडेमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा करने का एक माध्यम है। उन्होंने इस पेशे में नॉलेज, स्किल्स (कौशल) और एटीट्यूड (दृष्टिकोण) को बेहतर बनाए रखने की बात कही। साथ ही, उन्होंने कार्य के दौरान ईमानदारी, मरीज की गोपनीयता (पेशेंट कॉन्फिडेंशियलिटी), एथिकल प्रैक्टिस और सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण इस्तेमाल की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।
विद्यार्थियों को दिलाई गई फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ
कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल प्रो. (डॉ.) स्मृति अरोड़ा ने नए बैच का स्वागत करते हुए कॉलेज की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने एक काबिल, दयालु और नैतिक रूप से जिम्मेदार नर्सिंग प्रोफेशनल तैयार करने में नर्सिंग शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग प्रथम वर्ष (बैच 2026) की छात्राओं को अनुशासन और सेवाभाव के प्रति समर्पित रहने के लिए ‘फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ’ दिलाई गई।
गौरतलब है कि नर्सिंग की जननी फ्लोरेंस नाइटिंगेल को समर्पित यह समारोह नर्सिंग पेशे में छात्र-छात्राओं के आधिकारिक प्रवेश का प्रतीक माना जाता है।

गरिमापूर्ण उपस्थिति
इस अवसर पर डीन रिसर्च प्रो. संजीव मित्तल, उप निदेशक (प्रशासन) ले. कर्नल गोपाल मेहरा, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत धमीजा, प्रो. रविकांत, डॉ. रश्मि मल्होत्रा, कॉलेज ऑफ नर्सिंग की फैकल्टी व आयोजन सचिव सुश्री रूपिंदर देओल, राजेश कटारिया, मनीष शर्मा सहित अन्य फैकल्टी सदस्य और प्रथम वर्ष के बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स उपस्थित रहे।
