Pauri….गुलदार के हमले में मासूम की मौत से भड़का ग्रामीणों का आक्रोश, वन मंत्री के खिलाफ नारेबाजी |जगमोहन डांगी की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
पौड़ी। पौड़ी जनपद के खांड्यूंसैंड में गुलदार के हमले में पांच वर्षीय मासूम आरुषि की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार शाम करीब छह बजे गुलदार ने कृष्ण कुमार की पुत्री आरुषि को अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद जहां क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं ग्रामीणों का गुस्सा भी फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने वन विभाग और शासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए वन मंत्री सुबोध उनियाल तथा मौके पर पहुंचे विधायक राजकुमार पोरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


ग्रामीणों ने ‘वन मंत्री पौड़ी आओ’ के नारे लगाते हुए कहा कि पौड़ी जनपद में गुलदार के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई परिवार इन घटनाओं से प्रभावित हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वन मंत्री ने अब तक पौड़ी पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर पहाड़ के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा और कब तक ग्रामीण जंगली जानवरों के खौफ में जीवन जीने को मजबूर रहेंगे।
मौके पर पहुंचे विधायक राजकुमार पोरी को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना था कि घटनाओं के बाद केवल आश्वासन देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और वन्यजीवों के आतंक पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है।

इधर, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि गुलदार को आदमखोर घोषित करने के लिए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को पत्र भेज दिया गया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है तथा घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
