Uncategorized

दीक्षारंभ कार्यक्रम से हुई नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत |कमल उनियाल की Report

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

कमल उनियाल की Report

कोटद्वार। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी (नैनीताल) के अध्ययन केंद्र 12090, राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी, कोटद्वार में सत्र 2026-27 (जुलाई 2026) के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को दीक्षारंभ (इंडक्शन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के विज्ञान संकाय स्थित स्मार्ट कक्ष में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. अशोक कुमार मित्तल एवं सह-समन्वयक डॉ. वी.के. सैनी ने विद्यार्थियों को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रमों एवं अध्ययन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्यक्रमों एवं पाठ्यक्रमों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट uou.ac.in पर उपलब्ध है। विद्यार्थी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अध्ययन सामग्री एवं वीडियो व्याख्यान प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही, उन्होंने असाइनमेंट एवं सत्रीय कार्य समय पर ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन जमा करने की अनिवार्यता के बारे में जानकारी दी। परामर्श कक्षाओं एवं प्रायोगिक परीक्षाओं की सूचना अध्ययन केंद्र द्वारा समय-समय पर उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।

इस अवसर पर श्री आशीष कुमार ने विद्यार्थियों को स्टूडेंट वन व्यू (Student One View) पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी इस पोर्टल के माध्यम से अपने पाठ्यक्रम से संबंधित अध्ययन सामग्री तथा पुराने प्रश्नपत्र आसानी से प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उन्हें अध्ययन एवं परीक्षा की तैयारी में सहायता मिलेगी।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. हरिश्चंद्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षा की नई रोशनी है। विश्वविद्यालय का लचीला एवं सुलभ शिक्षण मॉडल विद्यार्थियों को अपनी सुविधानुसार और अपनी गति से अध्ययन करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विशेष रूप से महिलाओं, जनजातीय समुदायों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों तक शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रोजगारपरक एवं नवाचारी पाठ्यक्रमों के माध्यम से विश्वविद्यालय बदलती शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा कर रहा है। मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा (ODL) प्रणाली का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें विश्वविद्यालय एवं अध्ययन केंद्र के हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।

ad12

कार्यक्रम में बी.ए., बी.कॉम., एम.ए. सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *