Uttarakhand News…‘ बुक बैंक ’ स्थापित करने की योजना |Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए है। उन्होंने शासकीय स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर समयबद्ध कार्यवाही करने को कहा है।

सचिवालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने स्कूलों में ‘बुक बैंक’ स्थापित करने की योजना को लागू करने को कहा। निर्देशित किया कि छात्र कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अपनी पुस्तकों को बुक बैंक में जमा करें, ताकि अगले सत्र में अन्य विद्यार्थियों को वितरित किया जा सके।
सीएस ने कहा कि खराब या वापस न होने वाली पुस्तकों के लिए मांग के अनुसार नई किताबें छपवाई जाएं। इस व्यवस्था से हर साल पुस्तकों की छपाई पर होने वाला करोड़ों रुपये का खर्च कम किया जा सकेगा। बैठक में क्लस्टर विद्यालयों में कक्षाओं और छात्रावासों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए नाबार्ड के माध्यम से वित्तीय संसाधन सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने सभी विद्यालयों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने शौचालयों की नियमित साफ-सफाई के लिए स्थायी समाधान विकसित करने और इसके लिए एक प्रभावी तंत्र (मैकेनिज्म) तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, इसके लिए अलग से फंडिंग की व्यवस्था करने को भी कहा।
इसके अलावा, उन्होंने स्कूलों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने की दिशा में भी कदम उठाने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो और वे ज्ञान अर्जन के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

बैठक में सचिव रविनाथ रामन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे
