road accident|लालढांग में कोहराम| बारातियों के परिजन खौफजदां| click कर पढ़िये पूरी खबर

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस


दुल्हन के घर बारात पहुंचने में बस कुछ ही दूरी का फासला रह गया था। लेकिन किसी को क्या खबर थी कि इसी फासले में अनहोनी भी घात लगाये बैठी है। देखते ही देखते खुशियां मातम में बदल गयी। पौड़ी जनपद के बीरोंखाल के सिमड़ी बैंड के पास बारातियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। बारात हरिद्वार के लालढांग से पौड़ी के बीरोंखाल जा रही थी। मनहूस खबर मिलते ही लालढांग में कोहराम मचा हुआ है। बरात में गए लोगों के परिवार अनहोनी की आंशका से खौफजदा हैं।


बारात में गये लोगों से संपर्क साधने की लगातार कोशिश हो रही है लेकिन हादसे में हताहत हुए लोगों की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। लालढांग गांव में दूल्हे के घर पर लोगों की भीड़ जमा है। हर कोई दुखी व परेशान है। बारातियों के सकुशल होने की कामना कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, लालढांग स्थित शिव मंदिर के पास से बारात मंगलवार दोपहर एक बजे पौड़ी जिले के कांडा गांव के लिए घर से निकली थी। 45 बराती एक बस में सवार थे, जबकि दूल्हा कार से गया था।

देर शाम बरात के दुल्हन के घर से कुछ ही दूरी पहले बस बीरोंखाल के सीमड़ी बैंड के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इसकी सूचना से लालढांग गांव में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों को हादसे में हताहत लोगों की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है।

ad12

परिजन फोन कर संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा है। जिनके फोन रिसीव हो भी रहे हैं वो दहशत में हैं और घटना की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। इससे परिवारजन और ग्रामीण सहमे हुए हैं।
श्यामपुर पुलिस गांव में पहुंची है। बरात में गए लोगों की जानकारी जुटा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बरात की बुधवार को वापसी होनी थी लेकिन बरात दुल्हन के घर पहुंचने से पहले बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे की खबर सुनकर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत भी गांव पहुंची। विधायक ने पौड़ी पुलिस प्रशासन से घटना की जानकारी ली। विधायक देर रात तक गांव में रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *