Kotdwar News…राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी, कोटद्वार में मनाया गया संविधान दिवस|कमल उनियाल की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी, कोटद्वार में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कविता अहलावत एवं डॉ. महेशानंद नौडियाल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर हरिश्चंद्र ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के इतिहास, निर्माण, महत्व एवं इसकी प्रमुख विशेषताओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने अपने संबोधन में संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुता का अधिकार प्रदान करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा उन्होंने भी संविधान के आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
