उत्तराखंडसंपादकीय

Pauri में इको एडवेंचर पार्क शुरू, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान |Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

पौड़ी, पौड़ी की खूबसूरत वादियों में पर्यटन और रोमांच को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल हुई है। जिला प्रशासन की ओर से लगभग 95 लाख रुपये की लागत से विकसित इको एडवेंचर पार्क का मंगलवार को विधायक राजकुमार पोरी ने शुभारंभ किया। इससे पौड़ी के पर्यटन आकर्षणों में एक नया अध्याय जुड़ गया है।

प्राकृतिक परिवेश के बीच विकसित इस पार्क में पर्यटकों के लिए दस तरह की साहसिक गतिविधियां शुरू की गई हैं। इनमें नेट ब्रिज, लॉग टू लॉग ब्रिज, टनल, स्पेस वॉक, मोगली ब्रिज, जिग-जैग ब्रिज, जिपलाइन, कमांडो नेट और टायर क्लाइम्बिंग आदि शामिल हैं। इसके अलावा मड कैफे, बच्चों के लिए झूले, बैठने की व्यवस्था और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी हैं।

विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि पौड़ी में लंबे समय से ऐसे पर्यटन स्थल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पार्क स्थानीय बच्चों को साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण देने के साथ भविष्य में प्रशिक्षक बनने का अवसर भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने पार्क की स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखने की अपील की।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि जिला योजना से वित्तपोषित इस परियोजना को वन पंचायत और स्थानीय महिलाओं के सहयोग से एक वर्ष से भी कम समय में पूरा किया गया है। सभी गतिविधियां प्रशिक्षित विशेषज्ञों की निगरानी में संचालित होंगी और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्क से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने इसे शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत मैठाणी ने पौड़ी को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए टूर ऑपरेटरों के माध्यम से प्रचार-प्रसार की बात कही।

उद्घाटन समारोह में महिलाओं ने झुमैलो और चौफला लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने जिपलाइन का अनुभव लेकर गतिविधि की शुरुआत की। इसके बाद स्थानीय लोगों ने भी साहसिक गतिविधियों का आनंद लिया।

ad12

मौके पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, किसान आयोग के सदस्य ओमप्रकाश जुगरान, कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल, कुलदीप गुसाईं, संस्कृति साहित्य कला समिति के सदस्य राकेश नौडियाल, वन पंचायत पौड़ी-कांडई के पंच नरेंद्र नेगी, सुनील नेगी, संतन सिंह नेगी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एबीडीओ धनपाल नेगी, कनिष्ठ अभियंता उपेंद्र शाह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *