द्वारीखाल: ग्राम बमोली में श्री आदर्श रामलीला का भव्य समापन, देर रात तक उमड़े श्रद्धालु|साभार-राकेश टम्टा

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
पौड़ी गढ़वाल (द्वारीखाल): विकास खंड द्वारीखाल के ग्राम बमोली में श्री आदर्श रामलीला के तत्वावधान में आयोजित हो रहे भव्य रामलीला मंचन का रविवार, 15 नवंबर को पूरे उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया। मंचन के अंतिम दिन ग्राम बमोली सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे, जिन्होंने देर रात तक रामलीला के सजीव दृश्यों का आनंद उठाया।

नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने के लिए रामलीला आवश्यक: मनीषा गुप्ता समापन समारोह में ॐ युगम फाउंडेशन की डायरेक्टर श्रीमती मनीषा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। दर्शकों को संबोधित करते हुए उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और कहा कि फाउंडेशन आगे भी इस प्रकार के धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों में अपना निरंतर सहयोग देता रहेगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा तथा नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़े रखने के लिए रामलीला का मंचन अत्यंत आवश्यक है।

राकेश टम्टा के संचालन और कलाकारों के अभिनय ने बांधा समां संपूर्ण कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक मंच संचालन उत्तराखंड के लोकप्रिय गायक राकेश टम्टा ने किया, जिन्होंने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। मंचन के दौरान सभी कलाकारों ने अपने उत्कृष्ट और जीवंत अभिनय से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक मंडल ने सभी अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
