” बोलो जय-जय श्रीराम ” श्रीराम वनवास की लीला का भव्य मंचन, हुकम सिंह कानूनगो ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ|गीता जोशी की Report

सिटी लाइव टुडे, लालढांग (हरिद्वार)
श्री श्री ग्राम देवता आदर्श रामलीला कमेटी, मौहल्लापुरी लालढांग (हरिद्वार) एवं रामलीला मंचन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव के चतुर्थ दिन (रविवार) को धार्मिक उल्लास के साथ रामलीला का मंचन संपन्न हुआ।

लालढांग में प्रभु श्रीराम के वनवास की लीला का भव्य मंचन, हुकम सिंह कानूनगो ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
महोत्सव के चतुर्थ दिन का शुभारंभ राजस्व विभाग रुड़की (हरिद्वार) के मान्यवर श्री हुकम सिंह जी कानूनगो (केंद्रीय मुख्य संरक्षक, हिमालयन बुक्सा आदिम जनजाति उत्थान समिति, रजि० एवं लालढांग निवासी) के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रभु श्रीराम का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली का आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रभु श्रीराम के वनवास की लीला देखकर भावविभोर हुए श्रद्धालु
कार्यक्रम के चतुर्थ दिन रंगमंच पर कलाकारों द्वारा भगवान श्री रामचंद्र जी के वनवास गमन तक की लीला का अत्यंत मनमोहक एवं भव्य मंचन किया गया। श्रीराम के पिता कीज्ञा का पालन करते हुए वन की ओर प्रस्थान करने के दृश्य को देखकर पंडाल में उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालु भावविभोर हो गए। पूरा परिसर “जय श्री राम” और “जय सियाराम” के उद्घोषों से गुंजायमान रहा।
सनातन संस्कृति व परंपराओं का प्रतीक है रामलीला
कार्यक्रम के दौरान मंच संचालक एवं प्रवक्ता पुनीत कुमार ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का आदर्श जीवन हमें सत्य, त्याग, प्रेम, मर्यादा और जनसेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को निरंतर सशक्त बनाते हैं।

कमेटी द्वारा अतिथियों को मान-सम्मान एवं स्नेहपूर्वक आत्मीय स्वागत किया गया, जिसके लिए मुख्य अतिथि एवं उपस्थित गणमान्य लोगों ने कमेटी का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस पावन अवसर पर रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं सैकड़ों की संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।
