Laldhnag News…रामलीला देखने जा रहे ग्रामीणों के पीछे दौड़ा हाथी, भागकर बचाई जान |अनिल शर्मा की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
लालढांग। नयागांव से लालढांग रामलीला देखने जा रहे ग्रामीणों को मंगलवार रात करीब दस बजे हाथी ने दौड़ा दिया। हाथी के अचानक पीछे पड़ने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह भागकर ग्रामीणों ने अपनी जान बचाई।

FILE PHOTO
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात नयागांव निवासी मिंटू अपनी पत्नी सुमन, बुधन देवी, छोटी देवी और गांव के कुछ बच्चों के साथ रामलीला देखने लालढांग जा रहे थे। गांव से निकलकर जैसे ही वे लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग पर पहुंचे, तभी हाथी की नजर उन पर पड़ गई। हाथी अचानक ग्रामीणों के पीछे दौड़ पड़ा। ग्रामीणों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
ग्रामीण संदीप रावत, सुनील रावत और अनिल नेगी ने बताया कि नयागांव में पिछले एक सप्ताह से हाथी लगातार खेतों में घुसकर धान और गन्ने की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। जंगल से सटे गांवों में हाथी की लगातार दस्तक से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को अपनी फसलों के साथ ही जान-माल की सुरक्षा की चिंता भी सता रही है।

वहीं, चिड़ियापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी महेश शर्मा ने बताया कि लालढांग रेंज की सीमा से लगे इस क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। हाथी को आबादी वाले क्षेत्रों में आने से रोकने के लिए वन विभाग की टीम द्वारा गश्त की जाएगी।
