उत्तराखंडशिक्षा

Kotdwar News……नशामुक्त, शिक्षित और कौशलयुक्त युवा ही विकसित भारत की नींव : महापौर शैलेंद्र सिंह रावत..कमल उनियाल की Report

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस Kotdwar News

कोटद्वार, अक्टूबर। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी, कोटद्वार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत @2047’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर निगम कोटद्वार के महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक देश का भविष्य युवाओं के हाथों में होगा। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशामुक्त, शिक्षित और कौशलयुक्त होंगे।

राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में ‘मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत @2047’ विषय पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

महापौर ने कहा कि उनके सपनों का भारत ऐसा होना चाहिए, जहां कोटद्वार जैसे छोटे शहरों से भी बड़े आविष्कार और नए विचार सामने आएं। विद्यार्थियों की निबंध, भाषण और चित्रकला जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से व्यक्त की गई सोच भविष्य की नीतियों का आधार बन सकती है। उन्होंने महाविद्यालय के एंटी ड्रग सेल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं।

उन्होंने छात्राओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेने तक सीमित न रहें, बल्कि विकसित भारत @2047 की एंबेसडर बनकर समाज में जागरूकता फैलाने में भी योगदान दें।

कार्यक्रम के दौरान निबंध, भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत की परिकल्पना को समझने और अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरीश चंद्र ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता और रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

ad12

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), एंटी ड्रग सेल तथा रोवर एंड रेंजर्स इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *