उत्तराखंडसंपादकीय

Uttarakhand News…CM ने व्यापारियों के हित में की आठ घोषणाएं |Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

हल्द्वानी, अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में व्यापारियों के हित में आठ घोषणाएं की। कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी सुरक्षा, सम्मान और समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित सम्मेलन का मुख्यमंत्री धामी ने शुभारंभ किया। कहा कि व्यापारी रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। सरकार व्यापारियों को विकास का भागीदार मानते हुए उनके लिए सुरक्षित और पारदर्शी कारोबारी वातावरण तैयार कर रही है।

सीएम धामी ने घोषणा की कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार राहत देने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य और जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा की जानकारी का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल कर सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की जाएगी। पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होमस्टे सुविधाओं का विस्तार होगा। चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग विकसित की जाएगी। वहीं, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों व नालियों के निर्माण और मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। व्यापार और निवेश से जुड़ी प्रक्रियाओं को भी सरल बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम से 26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन हैं। राज्य में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों के लिए औद्योगिक पार्क विकसित करने के उद्देश्य से भूमि चिह्नित की गई है।

ad12

सम्मेलन में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जाधारी राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय, एडीएम विवेक राय आदि मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *