Laldhang News…29वें दिन धरना स्थल पहुंचे स्वामी यतीश्वरानंद: दिया आश्वासन, जल्द होगा पुल का शिलान्यास |गीता जोशी की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
लालढांग, संवाददाता।
शनिवार को रसूलपुर आर्यनगर धरना स्थल पर 29वें दिन पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी तपस्या रंग लाई है। जल्द ही सूबे के मुख्यमंत्री क्षेत्रवासियों को सौगात देते हुए पुल का शिलान्यास करेंगे।

रसूलपुर आर्यनगर में 29वें दिन धरना स्थल पहुंचे स्वामी यतीश्वरानंद…ग्रामीणों को दिया आश्वासन, जल्द होगा पुल का शिलान्यास

9 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा आयरन ब्रिज; शासन से मिली स्वीकृति, टेंडर प्रक्रिया जल्द
भाजपा उपाध्यक्ष ने जानकारी दी कि करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आयरन पुल को शासन स्तर से वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। कुछ कागजी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही शासन के उच्चाधिकारी लिखित आदेश के साथ ग्रामीणों के बीच पहुंचेंगे।

स्वामी यतीश्वरानंद ने ग्रामीणों से एकजुट होकर जोर-शोर से मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारी करने की अपील की। उन्होंने कहा, “मेरी मुख्यमंत्री जी से वार्ता हुई है। वर्ष 2021-22 में उनकी घोषणाओं में यह झूला पुल शामिल रहा है, इसलिए क्षेत्र की जनता को यह सौगात मिलने जा रही है।”
हालांकि, पूर्व कैबिनेट मंत्री की अपील के बावजूद ग्रामीणों ने फिलहाल धरना समाप्त करने से इंकार कर दिया, लेकिन आश्वासन के लिए उनका धन्यवाद किया।

इस अवसर पर दीपक जखमोला, आलोक द्विवेदी, सुरेंद्र रावत, जिला पंचायत सदस्य बृज मोहन पोखरियाल, संजय सैनी, मंडल अध्यक्ष विक्रम चौहान सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
