Uttarakhand News….यहां हाथी ने किसान को पटक-पटक कर मार डाला| गुस्साए ग्रामीणों ने किया हंगामा |गीता जोशी की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस लालढांग
श्यामपुर/पीली (हरिद्वार):
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के श्यामपुर क्षेत्र के पीली गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में हाथी के हमले से 52 वर्षीय किसान की मौत हो गई। हाथी ने किसान को खेत में कई बार जमीन पर पटका और सिर पर पैर रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

कुंडी कोटेश्वर मंदिर के सामने हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, सजनपुर निवासी सतपाल (आयु 52 वर्ष) पुत्र भगवाना, गुरुवार शाम को बाहर पीली स्थित कुंडी कोटेश्वर मंदिर के सामने खेत में घास काट रहे थे। इसी दौरान अचानक पीछे से आए एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी बेहद आक्रामक था। उसने किसान को कई बार जमीन पर पटका और इसके बाद उनके सिर पर अपना पैर रख दिया। हाईवे से इस खौफनाक मंजर को देख रहे लोगों ने जब शोर मचाया, तब जाकर हाथी जंगल की ओर भागा, लेकिन तब तक किसान बुरी तरह जख्मी हो चुके थे।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के बाद स्वजन और ग्रामीण तुरंत सतपाल को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विभाग पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीण श्यामपुर स्थित वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) कार्यालय पहुंचे। वहां ताला बंद मिलने पर ग्रामीणों ने हाईवे जाम करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने समझाइश देकर उन्हें शांत कराया और यातायात सुचारू किया। इस दौरान ग्रामीणों ने ‘वन विभाग मुर्दाबाद’ के नारे लगाए।
ग्रामीणों का आक्रोश इस बात को लेकर भी था कि करीब दो वर्ष पूर्व एक किसान के खेत में हाथी की मौत हो गई थी, जिसके बाद वन विभाग ने उस किसान को जेल भेज दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि अब हाथी ने एक किसान को खेत में मौत के घाट उतार दिया है, तो विभाग इस पर क्या कार्रवाई करेगा।

वन विभाग का पक्ष
मामले पर जानकारी देते हुए रेंजर विवेक जोशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई थी और घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया गया था। उन्होंने बताया कि हाथी अभी भी घटनास्थल के आसपास ही घूम रहा है, और विभाग की पूरी टीम उसे सुरक्षित जंगल में खदेड़ने के लिए लगातार जुटी हुई है।
