Dehradun Samachar… पेंशन लाभार्थियों को 147 करोड़ रुपये का भुगतान |Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत वन क्लिक में अगस्त माह की पेंशन किस्त का भुगतान किया। जिसमें राज्य के 9,91,914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 5 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बताया गया कि कुल लाभार्थियों में 2,14,711 राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) और 7,77,203 राज्य स्तर की योजनाओं से आच्छादित हैं। अगस्त की पेंशन राशि में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।
बताया गया कि अगस्त महीने में 5,605 नई पेंशन स्वीकृत हुईं। इनमें वृद्धावस्था के 3,945, विधवा के 1,000, दिव्यांग के 416, किसान के 106, परित्यक्ता के 23 और भरण-पोषण अनुदान के 115 लाभार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने आधार नहीं बन पाने वाले पात्र लोगों के लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

मौके पर समाज कल्याण मंत्री खजानदास, सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल, सहायक निदेशक हेमलता पांडेय आदि मौजूद रहे
