गढ़कोट: दिव्य धार्मिक अनुष्ठान के साथ संपन्न हुआ कालानाथ भैरव बाबा का वार्षिकोत्सव|जगमोहन डांगी की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
पौड़ी (कल्जीखाल): विकासखंड कल्जीखाल की मनियारस्यूं पट्टी स्थित ग्राम गढ़कोट इन दिनों भक्ति के रंग में सराबोर रहा। यहाँ कालानाथ भैरव बाबा के पावन मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन रविवार को विशाल भंडारे के साथ हुआ। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों, प्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

भक्ति और आस्था का संगम ग्राम प्रधान संगीता देवी ने जानकारी दी कि 20 जून से शुरू हुए इस अनुष्ठान में गंगा स्नान, मूर्ति पुनर्स्थापना और रात्रि कालीन भजन-कीर्तन के साथ-साथ पारंपरिक मंडाण ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन के दिन शांति पाठ और पूर्णाहुति के बाद आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

पर्यटन और धार्मिक महत्व का केंद्र गढ़कोट स्थित यह मंदिर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी जाना जाता है। यहाँ से चारों दिशाओं के अद्भुत नजारों को देखा जा सकता है। लोक मान्यता के अनुसार, यहाँ विराजमान भैरव बाबा को ‘लंगूर गढ़ी भैरव’ का ही अंश माना जाता है।

विकास और संगठित समाज की मिसाल गढ़कोट के प्रवासियों की संस्था ‘गढ़कोट भ्रात मंडल’ पिछले एक दशक से गाँव को एक आदर्श गाँव बनाने के लिए समर्पित है। संस्था ने लकुंदर गढ़ी स्थित प्राचीन नागदेव मंदिर और माँ भुवनेश्वरी मंदिर के जीर्णोद्धार में अहम भूमिका निभाई है। इस बार पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय डबराल और वर्तमान सदस्य सविता देवी के सहयोग से मंदिर परिसर में भव्य टीन शेड का निर्माण कराया गया, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिली है।
जनप्रतिनिधियों ने दिया विकास का भरोसा इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया। समाज सेवी जगमोहन डांगी ने गाँव की सामूहिक एकता की सराहना करते हुए कहा कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण गढ़कोट ‘हेरिटेज विलेज’ बनने की पूरी क्षमता रखता है।

इस अनुष्ठान को सफल बनाने में महिला मंगल दल धारी, महिला मंगल दल बुटली, गढ़कोट भ्रात मंडल के अध्यक्ष रविंद्र सिंह रावत समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
