Kotdwar News….महाविद्यालय कण्वघाटी में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े का हुआ समापन |कमल उनियाल की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
कण्वघाटी, कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल), 17 नवम्बर 2026। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी, कोटद्वार में आज दिनांक 17.11.2026 को प्रातः 11.30 बजे जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े का समापन मुख्य कार्यक्रम जनजातीय गौरव दिवस एवं पुष्पांजलि के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय में जनजातीय महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं जनजातीय नायकों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की गई।

पखवाड़े के दौरान महाविद्यालय में जनजातीय कला, संस्कृति एवं विरासत पर आधारित प्रदर्शनी, पारम्परिक एवं जनजातीय नृत्य प्रदर्शन, जनजातीय एवं लोक संगीत, चित्रकला, कहानी लेखन, कविता, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान पर निबंध, लघु लेख, फोटोग्राफी, नाटक, नुक्कड़ नाटक, क्विज, स्लोगन / टैगलाइन तथा जनजातीय उपलब्धि, सम्मान एवं सामुदायिक जन सम्पर्क कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार किया गया। इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जनजातीय समाज की गौरवशाली परम्परा, कला, संस्कृति एवं इतिहास को प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो0(डॉ0) हरिश्चंद्र ने अपने वक्तव्य में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारी युवा पीढ़ी को जनजातीय समाज के संघर्ष, बलिदान, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुण्डा जैसे जनजातीय नायकों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है और विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रीय भावना एवं सांस्कृतिक चेतना का विकास होता है।

समापन कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ० सुरेन्द्र लाल आर्या, सर्वोदयी पुरुष, सर्वोदय भूषण व आचार्य जी, देवी रोड कोटद्वार उपस्थित रहे। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि जनजातीय समाज की सेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। उन्होंने कहा कि सर्वोदय का भाव यही है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, सम्मान और विकास पहुँचे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जनजातीय भाई-बहनों के अधिकारों, शिक्षा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए आगे आएं और अपने ज्ञान को समाज कल्याण में लगाएं। उनकी गरिमामयी उपस्थिति एवं अनुभवपूर्ण वक्तव्य ने छात्र-छात्राओं को अत्यंत प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती प्रभा देवी, अध्यक्ष, हिमालय बुक्सा आदिम जनजाति उत्थान समिति, पौड़ी जिला इकाई उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि कोटद्वार भाबर के आसपास स्थित बुक्सा जनजाति को संगठित करने, अपने अधिकारों के प्रति आवाज उठाने एवं लोगों को जागृत करने का कार्य समिति द्वारा निरन्तर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुक्सा जनजाति की अपनी समृद्ध संस्कृति, परम्परा एवं पहचान है, जिसे बचाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जनजातीय समाज के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास के लिए आगे आएं और समाज को जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अन्त में सभी अतिथिगण, प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राओं ने जनजातीय गौरव, एकता एवं संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ कविता अहलावत एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ0 भगवत सिंह जी के द्वारा किया गया l
