Kaljikhal News…थापला की 108वीं रामलीला में शूर्पणखा नासिका छेदन का होगा भव्य मंचन, तनुप्रिया सुंदरियाल बिखेरेंगी अभिनय की छटा|जगमोहन डांगी की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
पौड़ी गढ़वाल / कल्जीखाल: विकास खंड कल्जीखाल के पट्टी मनियारस्यूं स्थित थापला गांव की सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक रामलीला के मंचन का आज पांचवां दिन है। अपने 108वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी इस भव्य रामलीला में आज रात्रि ‘शूर्पणखा की नासिका छेदन’ का प्रसंग दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

इस बार थापला रामलीला समिति ने एक नया प्रयोग करते हुए पहली बार शूर्पणखा की सशक्त भूमिका निभाने के लिए चर्चित कलाकार तनुप्रिया सुंदरियाल को आमंत्रित किया है। गौरतलब है कि तनुप्रिया इससे पूर्व पौड़ी, सतपुली और कंडारा सहित क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित रामलीलाओं में शूर्पणखा के जीवंत अभिनय से दर्शकों के बीच अपनी एक खास पहचान बना चुकी हैं।

थापला के ऐतिहासिक मंच पर पहली बार अभिनय का अवसर मिलने पर तनुप्रिया सुंदरियाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए रामलीला समिति के संयोजक संजय असवाल एवं समस्त पदाधिकारियों का विशेष आभार जताया है।

रात्रिकालीन मंचन में उमड़ रहा जनसैलाब 108 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को संजोए थापला की इस रामलीला का मंचन प्रतिदिन रात्रि में किया जा रहा है। इस वर्ष बाहर से आए मेहमान कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय और समिति की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के चलते रामलीला की भव्यता देखते ही बन रही है। मंचन का आनंद लेने के लिए स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ पौड़ी, सतपुली और आसपास के क्षेत्रों से भी भारी संख्या में दर्शक उमड़ रहे हैं।
