उत्तराखंडसंपादकीय

Uttarakhand News… गांवों के विकास से लेकर “ विकसित उत्तराखण्ड-2047 ” पर मंथन|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

– गांवों के विकास से लेकर “विकसित उत्तराखण्ड-2047” पर हुआ मंथन

देहरादून, 13 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, कौशल, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ उत्तराखण्ड के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देशभर से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह सम्मेलन ऐसा अनुभव करा रहा है, मानो एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक स्थान पर एकत्र हुए हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि से भावनात्मक जुड़ाव सदैव बना रहता है। अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहना हम सभी के लिए आवश्यक है। उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार व्यक्त किया। यह पहल जन्मभूमि के प्रति प्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने पिछले वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है। समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है। सख्त नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि की जाएगी। कृषि एवं बागवानी को प्रोत्साहन देने के लिए एप्पल, कीवी और तिमुर मिशन संचालित किए जा रहे हैं। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए शुरू हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। सौंग बांध परियोजना से देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की आगामी 50 वर्षों की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी। जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी कार्य आगे बढ़ रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन हो चुका है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने पैतृक गांवों से निरंतर जुड़े रहने, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्र में अपने अनुभवों का योगदान देने का आह्वान किया। कहा कि सरकार और प्रवासी समाज के सामूहिक प्रयासों से उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है, जिससे श्रद्धालु भारतीय भूमि से ही कैलाश पर्वत के दर्शन कर पा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बताया कि प्रवासियों से सतत संवाद और राज्य के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया है। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।

सम्मेलन में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने कहा कि यह आयोजन केवल भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास को गति देने का अवसर भी है। उन्होंने अपने पैतृक गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से पिथौरागढ़ स्थित उनके गांव में तीन वर्ष पहले सड़क पहुंची, जिसके बाद वह अपने 120 वर्ष पुराने पैतृक आवास का पुनर्निर्माण करवा रहे हैं।

प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड की नई पीढ़ी में अपनी पहचान को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कविता के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा को भी प्रस्तुत किया।

सम्मेलन के दूसरे सत्र में विशेषज्ञों ने विकसित उत्तराखण्ड-2047 के विजन डॉक्यूमेंट पर चर्चा करते हुए औषधीय पौधों की वैज्ञानिक खेती, सहकारिता, शहरी विकास, स्थानीय उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग और प्रवासी युवाओं को मार्गदर्शन देने के लिए साझा मंच विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

तीसरे सत्र में युवाओं को संघर्ष और सफलता की प्रेरक कहानियों से रूबरू कराया गया। वैज्ञानिक डॉ. भगवती प्रसाद जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, उद्यमी राजेश राणा, जितेंद्र हनेरू, सेवक नौटियाल और अभिनेत्री रूप दुर्गापाल ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को चुनौतियों का सामना करने, कंफर्ट जोन से बाहर निकलने, उद्यमिता अपनाने और असफलताओं से सीखने का संदेश दिया। लोक कलाकार कविलास नेगी ने भी अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम को विशेष बनाया।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के अवसर पर मीडिया से बातचीत में बताया कि राज्य में रिवर्स पलायन की दर में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रवासियों से प्राप्त सुझावों और अनुभवों को विकास योजनाओं में शामिल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से शीतकालीन चारधाम यात्रा के अंतर्गत शीतकालीन गद्दी स्थलों के दर्शन करने की अपील की। साथ ही बताया कि अग्निवीरों को आरक्षण देने के वादे को पूरा करते हुए पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी दी गई है।

ad12

सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक विनोद चमोली, किशोर उपाध्याय, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *