Pauri…लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ एकेश्वर, दगड़िया ग्रुप के चौथे महोत्सव का भव्य समापन |जगमोहन डांगी की Report

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
पौड़ी गढ़वाल (एकेश्वर)। विकासखंड एकेश्वर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में दगड़िया ग्रुप के चौथे दो दिवसीय महोत्सव का बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ समापन हो गया। महोत्सव में क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।

थड़िया-चौफला नृत्य और लोकगीतों ने बांधा समां: महोत्सव का मुख्य आकर्षण विभिन्न महिला मंगल दलों द्वारा प्रस्तुत उत्तराखंड के पारंपरिक थड़िया, चौफला नृत्य और लोकगीत रहे, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, लोक गायिका सुमा देवी के सुरीले गीतों पर श्रोता मंत्रमुग्ध नजर आए। इसके साथ ही एसजीआरआर (SGRR) और जीजीआईसी (GGIC) के छात्र-छात्राओं ने भी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
नई पीढ़ी को विरासत से जोड़ने की पहल: आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल लोक संस्कृति और परंपराएं जीवंत रहती हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति: कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी के प्रतिनिधि के रूप में नरेंद्र सिंह नेगी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर तेजपाल पंवार और एकेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी कुलदीप किशोर जोशी मौजूद रहे। इनके अलावा पंडित राकेश हेमदान, कुलदीप असवाल, गंगोत्री नंदन पंत और नवीन बडोला सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शिरकत की।

अंत में आशीष नेगी के नेतृत्व में दगड़िया ग्रुप के सभी सदस्यों, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों के सहयोग के साथ महोत्सव के सफल समापन की घोषणा की गई।
