उत्तराखंडसंपादकीय

Uttarakhand Police में जल्द होगी 1600 पदों पर भर्ती|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

देहरादून, अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस स्मृति कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न इकाइयों में करीब 1600 रिक्त पदों पर भर्ती जल्द शुरू करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने और कर्मियों के कल्याण के लिए अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में सीएम धामी ने पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में देशभर में 154 जवानों ने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड पुलिस के उपनिरीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार भी शामिल हैं। कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों पर भी परिवार से दूर रहकर जनता की सुरक्षा करते हैं। प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदाओं के बीच उनकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

धामी ने नशे और साइबर अपराध को गंभीर चुनौती बताया, कहा कि नशे की रोकथाम के लिए त्रिस्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स गठित की गई है। करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर का निर्माण भी गतिमान है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क के अंतर्गत क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ और चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने में पुलिस के योगदान की सराहना की। बताया कि इस वर्ष 785 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई। पुलिसकर्मियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने पुलिसकर्मियों के तनाव प्रबंधन के लिए नियमित कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।

सीएम ने की यह घोषणाएं
सीएम ने पुलिस थानों और चौकियों में कार्मिकों की आवश्यकता के अनुसार पदों की समीक्षा, विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराने और आवश्यक कार्यों के लिए वार्षिक बजट बढ़ाकर आठ करोड़ रुपये करने की बात कही। उन्होंने पुलिस मॉडर्न स्कूलों के सुधार, देहरादून में ट्रांजिट हॉस्टल, बहुमंजिला बैरक निर्माण और पुलिस अस्पताल के उच्चीकरण की घोषणा भी की।

ad12

यह रहे मौजूद
हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, विधायक सविता कपूर, जिपं अध्यक्ष सुखविंदर कौर, मेयर ऋषिकेश शंभू पासवान, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, मुख्य सूचना आयुक्त राधा रतूड़ी, सचिव गृह शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी, डीएम डॉ. आशीष चौहान आदि मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *