उत्तराखंडसंपादकीय

Pauri News… पांच विशिष्ट विभूतियों को मिला ‘ स्वर्गीय ललित मोहन कोठियाल स्मृति नागरिक सम्मान ‘, मेधावी छात्र भी सम्मानित|जगमोहन डांगी की Report

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

पौड़ी गढ़वाल: News

जिला मुख्यालय पौड़ी के नगर पालिका सभागार में नागरिक कल्याण मंच एवं विकास समिति तथा उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में दिवंगत पत्रकार स्वर्गीय ललित मोहन कोठियाल की पुण्यतिथि पर एक भव्य ‘स्मृति सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली पांच विशिष्ट विभूतियों को ‘ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान’ से अलंकृत किया गया, साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चार प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

शिक्षा हीन बेहतर नागरिक गढ़ने का सशक्त माध्यम: मुख्य अतिथि

मंगलवार को आयोजित इस समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि, लेख इंटरनेशनल स्कूल भीमताल के संस्थापक एवं निदेशक सत्येंद्र सिंह नेगी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पौड़ी के डीएवी स्कूल से जुड़ी अपनी प्रारंभिक शिक्षा की यादें ताजा कीं और स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय इंद्र मोहन मुद्गिल को नमन किया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही एक ऐसा सशक्त माध्यम है, जो हमें सही, सटीक, वैज्ञानिक और नवाचारी भाव से जोड़कर बेहतर नागरिक के रूप में गढ़ती है। उन्होंने जोर दिया कि समावेशी समाज की संकल्पना को हम सामूहिक जिम्मेदारी के साथ ही साकार रूप दे सकते हैं। साथ ही, उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करने का संदेश देते हुए कहा कि किसी शहर या गांव के निर्माण और विकास में उनका अहम योगदान होता है।

पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों को किया गया याद

समारोह में वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन डांगी और बाल साहित्यकार मनोहर चमोली ने स्व. ललित मोहन कोठियाल के पत्रकारिता जगत में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों के प्रति स्व. कोठियाल की संजीदगी हमेशा एक मिसाल रही है। वक्ताओं ने इस तरह के आयोजनों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक बताया।

इन हस्तियों को मिला स्मृति सम्मान

विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने के लिए निम्नलिखित पांच शख्सियतों को ‘ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया:

  • कीर्ति सिंह रावत (स्वास्थ्य के क्षेत्र में)
  • राजेंद्र सिंह रावत (खेल के क्षेत्र में)
  • वीरेंद्र काला (शिक्षा के क्षेत्र में)
  • नरेंद्र कठैत [गढ़ कवि एवं व्यंग्यकार] (गढ़वाली साहित्य के क्षेत्र में)
  • केशर सिंह असवाल (जन सरोकार के क्षेत्र में)

बोर्ड परीक्षा की मेधावी प्रतिभाएं सम्मानित

कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निम्नलिखित मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया:

  • एरोन मेसी (जीआईसी पौड़ी नगर)
  • प्रियांशु (मैसमोर स्कूल, पौड़ी)
  • शाह फिरोज (डीएवी इंटर कॉलेज, पौड़ी)
  • नंदिनी रावत (जीजीआईसी पौड़ी)

पौधारोपण और फल वितरण के साथ हुआ स्मरण

मुख्य समारोह से पूर्व नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति पौड़ी द्वारा एजेंसी चौक स्थित कार्यालय में पत्रकार स्व. ललित मोहन कोठियाल का स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान ‘ललित मोहन कोठियाल स्मृति वन’ में पौधारोपण कर स्वच्छता अभियान चलाया गया, तथा जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किए गए।

ad12

ट्रस्ट के महासचिव नरेश चंद्र नौडियाल द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र बड़थ्वाल, कोषाध्यक्ष मकान सिंह रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष विनय शर्मा, सुरेश चंद्र बड़थ्वाल, अनीता रावत, कुसुम नेगी, प्रशांत नेगी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *