Haridwar News…नारंगी छटा और बच्चों की खिलखिलाहट: एस.एम. पब्लिक स्कूल में धूमधाम से संपन्न हुआ ‘ ऑरेंज डे ’ उत्सव |Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
हरिद्वार। एस.एम. पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर के प्रांगण में नर्सरी से कक्षा 2 तक के नन्हें-मुन्नों के लिए ‘ऑरेंज डे’ अत्यंत उत्साह, उमंग और रचनात्मकता के साथ मनाया गया। इस विशेष दिन के लिए सजाए गए रंगारंग एक्टिविटी रूम में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों और सुंदर क्राफ्ट के जरिए नारंगी रंग की अनोखी दुनिया को करीब से जाना और समझा।

कार्यक्रम की शुरुआत में मदर टीचर्स ने बच्चों को नारंगी रंग की पहचान कराई तथा प्रकृति व आसपास मौजूद इसके विभिन्न रूपों से रोचक और सरल शैली में परिचित कराया। बच्चों ने खेल-खेल में अन्य रंगों के बीच से नारंगी रंग को खोजना और उसकी विशिष्टता को समझना सीखा।

नन्हे हाथों की कलाकारी ने इस आयोजन में चार चांद लगा दिए। बच्चों ने शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में नारंगी रंग से जुड़े आकर्षक क्राफ्ट तैयार किए और अपनी छिपी हुई रचनात्मक प्रतिभा का खुलकर प्रदर्शन किया। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य बच्चों को केवल रंग सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें सैद्धांतिक ज्ञान को दैनिक जीवन के अनुभवों से जोड़ना था।

इस अवसर पर विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा शर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “एस.एम. पब्लिक स्कूल में हमारा हमेशा से यह विश्वास रहा है कि बच्चों की शिक्षा तब सबसे प्रभावी होती है, जब वे चीजों को देखकर, छूकर और स्वयं करके सीखते हैं। इस तरह की गतिविधियाँ बच्चों की जिज्ञासा, उनकी रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास को एक नई उड़ान देती हैं।”


नारंगी रंग की चमक और बच्चों की खिलखिलाहट के साथ ‘ऑरेंज डे’ का यह आयोजन सभी के लिए एक बेहद यादगार और ज्ञानवर्धक अनुभव साबित हुआ।
