उत्तराखंडसंपादकीय

Uttarakhand News…जनता के द्वार तक पहुंचे सरकार, यही प्राथमिकताः धामी|Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, सहसपुर में ’सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ’जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है। सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सरकार स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। सुशासन का वास्तविक अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह व जनकेंद्रित प्रशासन है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत किया है। सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी माध्यम सिद्ध हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में 65 दिनों के दौरान आयोजित लगभग 700 शिविरों में पांच लाख से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया। देहरादून जनपद में 46 शिविरों में 60 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की। लगभग 39 हजार लोगों को सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ लिया।

उन्होंने कहा कि ’सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के पांच वर्ष पूरे होने पर 4 जुलाई से शुरू सेवा पखवाड़े में अब तक 64 हजार से अधिक नागरिकों ने प्रतिभाग किया है। इस दौरान 5,567 जनसमस्याओं में से 4,951 का समाधान सुनिश्चित किया गया है। 2,522 नागरिकों को विभिन्न प्रमाण-पत्रों व सेवाओं से लाभान्वित किए जाने की प्रक्रिया संचालित की गई है।

इस अवसर पर शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। पात्र लाभार्थियों को विभागों की योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण-पत्र व अन्य सहायता वितरित की गई। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा, सड़क, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और कृषि के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ’विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखण्ड’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रत्येक नागरिक तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सहसपुर में आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन समस्याओं को सुनने के साथ ही मौके पर अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश भी दिए।

ad12

मौके पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर, दायित्वधारी विनय रोहिला, पुनीत मित्तल, ओमवीर सिंह, भुवन विक्रम डबराल, भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह, पालिकाध्यक्ष नीरू देवी, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, डीएम डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल, सीडीओ अभिनव शाह आदि मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *