भारत के दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा का निधन|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
: नई दिल्ली। भारत के दिग्गज निशानेबाज और कोच जसपाल राणा का शुक्रवार को 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओलंपियन अभिनव बिंद्रा समेत अनेक हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार निशानेबाज जसपाल राणा के निधन की पुष्टि नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने की। बताया गया है कि जसपाल राणा जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप से भारतीय निशानेबाजी दल के साथ लौट रहे थे।
यात्रा के दौरान उन्हें सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई। दिल्ली पहुंचने के बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार को कार्डियक इमरजेंसी के कारण उनका निधन हो गया।
जसपाल राणा भारत के सबसे सफल निशानेबाजों में गिने जाते थे। उन्होंने 1994 से 2006 के बीच राष्ट्रमंडल खेलों में 15 पदक (9 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य) जीते। 1994 के हिरोशिमा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 2006 के दोहा एशियाई खेलों में तीन स्वर्ण पदक जीतने के साथ 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

खेलों में उनके योगदान के लिए उन्हें अर्जुन पुरस्कार, पद्म श्री और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। कोच के रूप में उन्होंने मनु भाकर, सौरभ चौधरी और अनीश भानवाला जैसे कई प्रतिभाशाली निशानेबाजों को तराशा।
