Haridwar News…योग को जन आंदोलन बनाने की तैयारी,आयुष विभाग ने शुरू किया विशेष अभियान|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को लेकर जनपद हरिद्वार में आयुष विभाग ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री माननीय मदन कौशिक जी के निर्देशन में योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डिजिटल जागरूकता अभियान, सोशल मीडिया गतिविधियां एवं सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी हरिद्वार डॉ स्वास्तिक सुरेश ने बताया कि इस वर्ष योग दिवस कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग आज केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक बन चुका है।

योग दिवस कार्यक्रमों के संचालन हेतु डॉ भास्कर आनंद को नोडल अधिकारी तथा डॉ विकास दुबे एवं डॉ अश्वनी कौशिक को सह नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वहीं आयुष मिशन विशेषज्ञ डॉ अवनीश कुमार उपाध्याय को जनजागरूकता एवं समन्वय गतिविधियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ स्वास्तिक सुरेश ने बताया कि विभाग द्वारा सभी आयुष चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं स्वास्थ्य इकाइयों के कार्मिकों को “नमस्ते योग ऐप” एवं “योग ब्रेक ऐप” डाउनलोड करने तथा आमजन को भी इनसे जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 20 मई से 10 जून तक योग करते हुए फोटो एवं लघु वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर योग के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
आयुष मिशन विशेषज्ञ एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ अवनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर एवं मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। योग तनाव प्रबंधन, मानसिक एकाग्रता एवं जीवनशैली जनित रोगों की रोकथाम में अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से भी योग अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

आयुष विभाग द्वारा आगामी दिनों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने नागरिकों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
