Haridwar News… सीएम धामी ने बैरागी कैंप में किया निरीक्षण|Click कर पढ़िये पूरी News

सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैरागी कैंप पहुंचकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का उत्तराखंड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। इस दौरान उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
धामी ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाओं और अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह तत्पर रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए यातायात का विस्तृत प्लान तैयार करने को कहा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडे और डीएम मयूर दीक्षित ने तैयारियों की जानकारी दी। जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर जानकारी साझा की।

मौके पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी, मेयर हरिद्वार किरन जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरव गहरवार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा आदि मौजूद रहे।
