उत्तराखंडसंपादकीय

Satpuli News….CM ने नयार वैली फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ |Click कर पढ़िये पूरी News

Share this news


सिटी लाइव टुडे, मीडिया हाउस

सतपुली (पौड़ी गढ़वाल)। बिलखेत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ किया। उन्होंने नयार घाटी को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया। कहा कि राज्य सरकार स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी का फ्लैग ऑफ कर औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नयार घाटी प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच का अनुपम संगम है, जिसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और दूरसंचार जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही विकासखंड पोखड़ा में रसलवांण दीवा मंदिर, बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर और पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की घोषणा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की, गोद भराई रस्म संपन्न कराई और बालिका को नेम प्लेट भेंट की। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए गए। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर में 650 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। खोह नदी के लिए आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। कोटद्वार में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, मालन नदी पर पुल, पौड़ी में एनसीसी अकादमी, ऐतिहासिक कलेक्ट्रेट भवन का हेरिटेज संरक्षण और सतपुली में सिंचाई निरीक्षण भवन का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा कोटद्वार में खेल सुविधाओं का विस्तार, 50 बेड का आधुनिक चिकित्सालय, सीडीएस पार्क में विशाल तिरंगा, विज्ञान संग्रहालय, ट्राइडेंट पार्क, सतपुली झील, माउंटेन म्यूजियम और तारामंडल जैसी परियोजनाएं क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार को नई दिशा देंगी।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को अग्रणी एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नयार वैली फेस्टिवल इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि यह महोत्सव पौड़ी जनपद को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने नयार वैली फेस्टिवल को स्थायी रूप से आयोजित करने का अनुरोध भी किया।

बिलखेत में जिला प्रशासन द्वारा एक ही मंच पर 10 विभिन्न गतिविधियों का सफल संचालन किया गया। रोमांचक, सांस्कृतिक और जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों से सुसज्जित इस आयोजन ने प्रशासन की समन्वित कार्यप्रणाली और उत्कृष्ट व्यवस्थापन क्षमता का परिचय दिया।

ad12

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, उत्तराखंड गो सेवा आयोग अध्यक्ष पं. राजेद्र अणथ्वाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख कल्जीखाल गीता देवी, प्रमुख द्वारीखाल बीना राणा, जिपंस महेंद्र राणा, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ गिरीश गुणवंत, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, डीएसटीओ राम सलोने, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल किशोर रावत, जिलाध्यक्ष कोटद्वार राजगौरव नौटियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *